लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक दल रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस आलाकमान ने भी पिछले चुनावों में मिली हार से सबक लेते सत्ता में वापसी को लेकर रास्ते तलाशने शुरू कर दिये हैं। जिसमें सबसे अहम मुद्दा यह है कि किस सीट पर किसकी उम्मीदवारी तय की जाए। जिसमें अमेठी और रायबरेली की सीटें प्रमुख हैं। इन दोनों सीटों को कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है।
अमेठी की लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव लड़ते आए हैं और इस सीट से उन्हें कई बार जीत भी हासिल हुई। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने राहुल को इस सीट पर पटखनी दी थी। जबकि रायबरेली की सीट पर अभी भी कांग्रेस का कब्जा कायम है। इस सीट से कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। हालांकि 2024 लोकसभा चुनाव में इन दोनों सीटों पर कांग्रेस का उम्मीदवार कौन होगा? ये बड़ा सवाल है।
इसी बीच सी-वोटर ने रायबरेली सीट पर प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर उनके जीतने की संभावना को लेकर सर्वे किया। सर्वे में लोगों से पूछा गया कि रायबरेली से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ती हैं तो क्या जीत पाएंगी? जिस पर 49 फीसदी लोगों का मानना है कि प्रियंका गांधी जीत सकती हैं। 42 फीसदी लोगों का मानना है कि वह नहीं जीत पाएंगी। 9 प्रतिशत लोगों ने जवाब दिया- 'पता नहीं'।
Add Comment