झांसी। मोदी सरकार के नौ साल पूरे पर सत्ताधारी भाजपा के मंत्री और नेता सरकार की उपलब्धियों को गिनाने व भुनाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में यूपी के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल नंदी शनिवार को झांसी पहुंचे। इस दौरान नंदी ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले 10-15 सालों में कोई अपने बच्चे का नाम राहुल नहीं रख रहा। उन्होंने कहा कि भारत की जनता राहुल गांधी को देश की बागडोर नहीं देना चाहती है और वो आदर्श नहीं बन सकते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2014 और 2019 की तुलना में 2024 के लोकसभा चुनाव में ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
मंत्री नंदी ने कहा कि पिछले 9 सालों में पूरी दुनिया ने भारत के दबदबे को महसूस किया है। 2014 में घर-घर मोदी के नारे लगे थे और अब पूरी दुनिया में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। पीएम मोदी को अन्य देशों राष्ट्र अध्यक्ष बॉस कहकर पुकार रहे हैं, उनका ऑटोग्राफ ले रहे हैं, इससे बड़ी उपलब्धि क्या हो सकती है।
Add Comment