Breaking News :

प्रयागराज के डिप्टी CMO ने किया सुसाइड, पुलिस जांच में जुटी

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में डिप्टी CMO डॉ सुनील कुमार सिंह ने सुसाइड कर लिया है। उनका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ पाया गया। पुलिस जांच में जुटी है और पता लगा रहा है कि डॉ सुनील कुमार ने आत्महत्या की है या उनका मर्डर हुआ है। 

जानकारी के मुताबिक, ये मामला प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके का है। यहां होटल विट्ठल के कमरा नंबर-106 में उनका शव मिला है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या। मृतक डिप्टी CMO डॉक्टर सुनील कुमार सिंह संचारी रोग के नोडल अधिकारी नियुक्त थे। वे मूल रूप से बनारस के पांडेयपुर के रहने वाले थे। उनका 8 महीने पहले मिर्जापुर से प्रयागराज में ट्रांसफर हुआ था। उन्होंने सिविल लाइंस स्थित विट्‌ठल होटल में एक कमरा ले रखा था। आज सुबह उसी कमरे में उनका शव मिला है।

सुनील कुमार का शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कई साक्ष्य जुटाए हैं। शव की स्थिति को देखकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अंदेशा जताया है कि ये सुसाइड नहीं, बल्कि हत्या है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। होटल में डीएम संजय कुमार खत्री और पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा भी पहुंचे। 

Add Comment

Most Popular