Breaking News :

Bahraich : आम लोगों में पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रहीं ममता

 

आज विश्व पर्यावरण दिवस है। इस दिन लोगों को पर्यावरण के संरक्षण के लिए जागरूक किया जाता है। इसी दिन पौधरोपण कर आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर सहभागिता की बात की जाती है। इसी तरह बहराइच शहर के दरगाह निवासी ममता पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही हैं। खुद के बजट से पौधे तैयार करवा कर वे आम लोगों में वितरण कर रही हैं। ममता के इस कार्य से प्रेरणा लेकर अन्य महिलाएं भी पौधरोपण के साथ वितरण में सहयोग कर रही हैं।

पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए शहर के दरगाह ओवर ब्रिज के निकट निवास करने वाली ममता अग्रवाल घर का काम निपटाने के बाद महिलाओं के बीच पर्यावरण को लेकर गोष्ठी करतीं दिख जाती हैं। ममता रोटरी क्लब की निवर्तमान अध्यक्ष हैं।

ममता ने बताया कि उनके और टीम के द्वारा हेमरिया गांव में गमले में पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें आम, नीम, पीपल के पौधे बड़े हुए हैं। इसके बाद इन पौधों को परिसर में लगवा दिया गया। इसके अलावा गांव के लोगों को पौधे वितरित कर उसे खाली स्थान पर लगवाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जून से सितंबर माह तक पौधे वितरित करने का कार्य किया जाता है। उनके इस कार्य में संगीता अग्रवाल, नीलम गोयल, स्वाती केडिया, रीना केडिया, डॉक्टर वीना टंडन द्वारा सहयोग किया जाता है। 

जंगल बचाने का चला रहे हैं मुहिम

शहर के अकबरपुरा मोहल्ला निवासी भगवानदास लखवानी व्यवसाई होने के साथ-साथ कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष हैं। लखवानी प्रति रविवार को जंगल के निकट गांव में गोष्ठी कर जंगल को बचाने का अभियान चला रहे हैं। साथ ही वन्य जीवों से होने वाले फायदे के बारे में ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं।

रिपोर्ट- मो. आमिर, बहराइच

Add Comment

Most Popular