Breaking News :

Bahraich : पोते ने लाठी मारकर दादी को उतारा मौत के घाट, केस दर्ज


बहराइच के भागीरथपुरवा नेठिया गांव निवासी पोते ने अपनी दादी से गुटखा मांगा। इंकार करने पर पोते ने लाठी से दादी के सिर पर वार कर दिया। मौके पर ही दादी की मौत हो गई। पुलिस ने पोते के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर घटना के बाद से पोता फरार हो गया है।

विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेठिया के मजरा भगीरथ पुरवा गांव निवासी राज कुमारी (54) पत्नी परशुराम रविवार सुबह 11बजे कपड़े धुल रही थी। तभी महिला का पोता राजेश आया। उसने दादी से गुटखा की मांग की। दादी ने गुटका देने से इंकार कर दिया। तभी कुछ मिनट बाद युवक ने दादी के सिर पर लाठी से वार कर दिया। जिससे वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पोता फरार हो गया।

घटना की जानकारी मृतक महिला के पुत्र अशोक कुमार ने पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अशोक कुमार की तहरीर पर पुत्र राजेश के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

मंदबुद्धि है राजेश 

प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परिवार से हत्या के मामले में जानकारी ली गई। जिसमें आरोपी राजेश को परिवार के लोग मंदबुद्धि बता रहे हैं। फिलहाल जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

रिपोर्ट- मो. आमिर, बहराइच

Add Comment

Most Popular