दिल्ली और मुंबई में मौजूद बीबीसी के दफ्तरों में 3 दिनों से लगातार चल रहे आयकर विभाग का सर्वे आज समाप्त हो गया। इस दौरान अधिकारियों ने कुछ अहम दस्तावेज एकत्र किए।
समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कथित टैक्स में हेरफेर की जांच के लिए यह सर्वे शुरु किया। सर्वे की शुरुआत मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे शुरू हुआ था, यह सर्वे गुरुवार रात 10 बजे के बाद समाप्त हुआ। अधिकारियों ने ‘PTI-भाषा’ को बताया कि आयकर अधिकारियों ने उपलब्ध स्टॉक की एक सूची बनाई है, कुछ कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं और सर्वे कार्रवाई के तहत कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं। उन्होंने बताया कि यह सर्वे लगभग 57-58 घंटे चला।
आपको बता दें कि BBC की दो पार्ट वाली ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के रिलीज होने के कुछ समय बाद यह कार्रवाई की गई। इस सर्वे को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। विपक्ष ने सर्वे को लेकर सवाल उठाया है। तो वहीं भाजपा ने बीबीसी पर भारत के खिलाफ ‘‘जहरीली रिपोर्टिंग’’ करने का आरोप लगाया है। इस कार्रवाई पर आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने 21 जनवरी को डॉक्यूमेंट्री के लिंक शेयर करने वाले YouTube Video और Twitter पोस्ट पर बैन लगाने के आदेश जारी किए थे।
Add Comment